मुख्य पाइपलाइन फटने से ठप रही पोखरी नगर की पेयजल आपूर्ति बहाल
पोखरी, 25 जून (राणा)। डाडागैर-कलसीर क्षेत्र में मुख्य पाइपलाइन फटने से बुधवार को पोखरी बाजार सहित पूरे नगर पंचायत क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जल संस्थान के कर्मचारियों ने दिनभर कड़ी मशक्कत कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत की, जिसके बाद गुरुवार सुबह से जलापूर्ति सुचारु कर दी गई।
जानकारी के अनुसार तुंगनाथ-भुलकना स्रोत से संचालित पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की मुख्य पाइपलाइन बुधवार सुबह डाडागैर-कलसीर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइपलाइन फटने के कारण पोखरी बाजार, नगर पंचायत क्षेत्र तथा आसपास के गांवों में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया।
सूचना मिलते ही जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। वेल्डिंग मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों की सहायता से दिनभर मरम्मत कार्य चलाया गया। कर्मचारियों के लगातार प्रयासों से शाम तक पाइपलाइन की मरम्मत पूरी कर जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर दी गई।
गुरुवार सुबह से पोखरी बाजार सहित पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत के बाद व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
