क्षेत्रीय समाचार

विकास कार्यों की छाप छोड़ गए अधिशासी अभियंता राजकुमार, भावभीनी विदाई

पोखरी, 25 जून (राणा)। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) पोखरी डिवीजन में लगभग दो वर्षों तक सेवाएं देने के बाद अधिशासी अभियंता राजकुमार के देहरादून स्थानांतरण पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ठेकेदार यूनियन के पदाधिकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। विभागीय कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में उन्हें फूल-मालाओं से सम्मानित कर गाजे-बाजे के साथ विदा किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजकुमार के कार्यकाल में क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिली। उनके नेतृत्व में चांदनीखाल-रडुवा-कांडई चंद्रशिला मोटर मार्ग का निर्माण पूरा हुआ, जिससे संबंधित ग्राम सभाओं को पहली बार सड़क सुविधा प्राप्त हुई। इसके अलावा पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण कराया गया, जबकि हापला-गुणम-नैल मोटर मार्ग के हिस्से में भी महत्वपूर्ण सुधार कार्य किए गए। विभिन्न सड़कों पर पैचवर्क कर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया गया।
राजकुमार के कार्यकाल में कई लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। चमसिल-देवीखेत तथा पोखरी-नखोलियाना मोटर मार्गों की निविदा प्रक्रिया को गति मिली, जबकि वर्षों से विवादित कनकचौरी-पोगठा मोटर मार्ग का निर्माण पूरा कर यातायात के लिए खोल दिया गया। खूनीगाड़-कुमेड़ा मोटर मार्ग को वैधानिक स्वीकृति दिलाने और वन भूमि हस्तांतरण से जुड़ी फाइलों के निस्तारण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विदाई समारोह में सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद, ज्योति सिंह रावत, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भूपाल सिंह नेगी सहित विभागीय कर्मचारियों और ठेकेदार यूनियन के प्रतिनिधियों ने उनके सरल स्वभाव, कार्यकुशलता और विकासोन्मुख सोच की सराहना की। अपने संबोधन में राजकुमार ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पोखरी में मिला सहयोग और अपनापन उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा तथा विकास कार्य हमेशा टीम भावना से ही संभव होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!