क्षेत्रीय समाचार

चार दशक की सेवा के बाद दो वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारियों को सम्मानपूर्ण विदाई

पोखरी, 1 जुलाई (राणा)। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में कार्यरत फार्मेसी अधिकारी सत्येन्द्र सिंह भण्डारी तथा एमएसडी में कार्यरत मुख्य फार्मेसी अधिकारी जी.एल. आर्य के लगभग 40 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने पर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभागार में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया।
समारोह में दोनों अधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया तथा ढोल-दमाऊं और गाजे-बाजे के साथ भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ स्वास्थ्य विभाग तथा मरीजों की सेवा की। उनकी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य व्यवहार विभाग के कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि सत्येन्द्र सिंह भण्डारी और जी.एल. आर्य ने मरीजों की सेवा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा विभाग की गरिमा और कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अनुभव और सेवाओं को स्वास्थ्य विभाग लंबे समय तक याद रखेगा।
कार्यक्रम का संचालन डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के जिला मंत्री लखपत सिंह नेगी ने किया। समारोह में संगठन के जिलाध्यक्ष एस.एल. कोठियाल, प्रदीप रावत, कुलदीप गुसाईं, संजय बिष्ट, एच.डी. देवराड़ी, आर.एस. नेगी, अमरनाथ नौटियाल, संजय गोसाईं, संजय असवाल सहित बड़ी संख्या में फार्मेसी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!