राजनीति

देवाल में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली, विभिन्न मांगों को लेकर सरकार का पुतला फूंका

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 7 जुलाई। ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण मोटर मार्ग को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सौंपने, देवाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण करने, देवाल में तहसील का संचालन शुरू करने, क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिंडर घाटी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ब्लॉक मुख्यालय देवाल में जन आक्रोश रैली निकाली। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने देवाल क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाने के साथ ही अयोध्या एवं बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित धांधली पर भी रोष व्यक्त किया।


पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता देवाल टैक्सी स्टैंड पर एकत्र हुए। यहां से जन आक्रोश रैली मुख्य बाजार, एसबीआई बाजार और एटीएम बाजार होते हुए बस स्टेशन पहुंची। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने “चढ़ावा चोर गद्दी छोड़”, “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से”, “ग्वालदम-नंदकेशरी-वांण मोटर मार्ग बीआरओ को सौंपो”, “देवाल पीएचसी का उच्चीकरण करो”, “देवाल में तहसील का संचालन शुरू करो” तथा “देवाल की उपेक्षा बंद करो” जैसे नारे लगाए।

बस स्टेशन पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार देवाल क्षेत्र की लगातार उपेक्षा कर रही है। उन्होंने अयोध्या एवं बदरीनाथ धाम के चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार, शराब एवं खनन माफियाओं को संरक्षण देने, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने के आरोप लगाए। वक्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने तथा कांग्रेस को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच केंद्र एवं राज्य सरकार का पुतला दहन किया।
इस अवसर पर देवाल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल गड़िया, थराली ब्लॉक अध्यक्ष विनोद रावत, पूर्व पीसीसी सदस्य महावीर बिष्ट, पूर्व प्रमुख डी.डी. कुनियाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण बिष्ट, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के गोपाल दत्त कुनियाल, वरिष्ठ नेता गोविंद पांगती, महेश त्रिकोटी और संदीप कुमार पटवाल सहित अनेक वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
रैली में देवाल के ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, थराली के कनिष्ठ प्रमुख राजा चौहान, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप बिष्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मोहन राम, राकेश मिश्रा, प्रताप राम, एल.डी. कुनियाल, खीमी राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप दानू, जय सिंह नेगी, सचिन बिष्ट, प्रमोद सिंह, कंचन बिष्ट, कै. दुली राम, भूपाल सिंह गड़िया, पुष्पा नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य लीला देवी, हेमा देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!