सड़क के लिए अधिगृहित भूमि का मुआवजा न मिलने से काश्तकार नाराज

रिखणीखाल, 9 जुलाई (प्रभुपाल)। लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रिखणीखाल विकासखंड की सिलगांव सड़क का निर्माण मई 2020 में किया गया था। इस सड़क निर्माण के लिए ग्राम गवाणा के कई काश्तकारों की भूमि का अधिग्रहण किया गया था। आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के वर्षों बाद भी प्रभावित काश्तकारों को मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है।
काश्तकारों के अनुसार अधिगृहित भूमि का मूल्यांकन शासकीय अमीन द्वारा मार्च 2026 में किया गया था, लेकिन चार माह बीत जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड लैंसडौन की ओर से अब तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है। इससे प्रभावित किसानों में नाराजगी है।
मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे काश्तकारों में दीवान सिंह, जयपाल सिंह, चैन सिंह, सादर सिंह, जवाहर सिंह, केशर सिंह, सन्तन सिंह, भोपाल सिंह, भगत सिंह और ठाकुर सिंह सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
काश्तकारों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण के बाद से ही वे मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद भुगतान में हो रही देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से शीघ्र मुआवजा जारी करने की मांग की है।
