ग्वालदम बहुउद्देशीय शिविर में 43 शिकायतें दर्ज, 25 का मौके पर ही निस्तारण
थराली, 9 जुलाई (हरेन्द्र)। राज्य सरकार के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत थराली विकासखंड की लोल्टी न्याय पंचायत के अंतर्गत विकास भवन, ग्वालदम में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 43 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया।
इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों से लोगों को काफी सुविधा मिल रही है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा थराली विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
शिविर में सर्वाधिक शिकायतें विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन के पिछले दो-तीन माह से भुगतान नहीं होने को लेकर प्राप्त हुईं। इसके अलावा सड़क, भूस्खलन, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं। कुल 43 शिकायतों में से 25 का संबंधित विभागों द्वारा शिविर स्थल पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
शिविर में उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह रावत, लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों को दी गई।
