क्षेत्रीय समाचार

एवरेस्ट विजेता एनएसजी कमांडो राहुल नेगी का पोखरी में भव्य स्वागत

पोखरी, 9 जुलाई (राणा)। विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले पोखरी विकासखंड के सेरा मालकोटी निवासी एवं एनएसजी कमांडो राहुल नेगी के पोखरी पहुंचने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों तथा जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर डामर से विनायकधार तक भव्य स्वागत जुलूस भी निकाला गया।
भारतीय सेना की 9 गढ़वाल राइफल्स के सैनिक रहे राहुल नेगी वर्तमान में एनएसजी में कमांडो के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने गत 23 मई को माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर क्षेत्र और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि राहुल नेगी की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
थाला बैंड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि राहुल नेगी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
इस अवसर पर राहुल नेगी ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान राहुल नेगी के माता-पिता मनोरमा देवी एवं कुंवर सिंह नेगी तथा उनकी पत्नी प्रियंका नेगी का भी सम्मान किया गया। बेटे की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरा परिवार भावुक नजर आया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजे सिंह भंडारी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुनीता चमोली, जिला महामंत्री रजना रावत, फतेराम सती, डॉ. मातबर रावत, शरद बुटोला, विशम्बर मदवाल, प्रदीप चौहान, विनोद सिंह पंवार, रमेश चौधरी, कैप्टन रमेश बर्तवाल, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!