टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने व पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन

पोखरी, 10 जुलाई (राणा)। टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल कर नई पेंशन योजना (एनपीएस) समाप्त करने की मांग को लेकर शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षक संगठन, पोखरी के शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं प्राथमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा के नेतृत्व में शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। शिक्षकों ने मांग की कि आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए तथा पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल कर नई पेंशन योजना समाप्त की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष ताजबर राणा, महामंत्री विजय प्रसाद सिमल्टी, कोषाध्यक्ष रघुवीर सिंह नेगी, डॉ. बृजेन्द्र कठैत, देवेंद्र कठैत, बीना वशिष्ठ, जीत सिंह बुटोला, दिनेश चौहान, दुर्गा प्रसाद पुरोहित, अनूप नेगी, गिरीश सती, विनोद जोशी, अवतार सिंह नेगी, बलवीर राणा, शंकर नेगी, भरत नेगी, दिनेश रड़वाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
