पोखरी में बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर में 128 लाभार्थियों को मिला लाभ
शिविर में 25 में से 18 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
पोखरी, 10 जुलाई (राणा)। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड सभागार पोखरी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में कुल 128 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जबकि प्राप्त 25 शिकायतों एवं आवेदनों में से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी मंत्री प्रेम सिंह राणा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बंदरों के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर किसानों से कीवी एवं मशरूम की खेती अपनाकर स्वरोजगार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी जनसमस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित समाधान करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भण्डारी ने ग्रामीण विकास सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। शिविर में विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों ने सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र तथा अन्य लाभकारी सामग्री वितरित की गई।
शिविर में कृषि विभाग ने 9 लाभार्थियों को कृषि यंत्र वितरित किए, जबकि उद्यान विभाग ने 9 लाभार्थियों को सब्जी बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराए। पशुपालन विभाग ने 14 लाभार्थियों को पशु औषधियां वितरित कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की। ग्रामीण विकास विभाग ने 10 लाभार्थियों को बीपीएल प्रमाण-पत्र, जॉब कार्ड एवं अन्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए। स्वास्थ्य विभाग ने 30 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ, आवश्यक सेवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भण्डारी, नोडल अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बुडोला, तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद, जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, विद्युत विभाग के अवर अभियंता धीरेन्द्र भण्डारी, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता रवीन्द्र नेगी एवं रुपेश नेगी, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी, ब्लॉक उद्यान अधिकारी इंद्रजीत टम्टा, सहायक कृषि अधिकारी राजेश चौमवाल, फार्मासिस्ट आशीष रावत, जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र सिंह राणा, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राधारानी रावत, दिनेश रड़वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी संदीप अरोड़ा ने किया।
