Front Page

माकपा के वरिष्ठ नेता कमरुद्दीन हुए सभावाला कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक

 


देहरादून, 19 जुलाई। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय किसान सभा की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कमरुद्दीन का रविवार को सभावाला स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इससे पहले बड़ी संख्या में लोगों ने जनाजे की नमाज अदा कर उन्हें अंतिम विदाई दी। माकपा ने उनके सम्मान में पार्टी का झंडा झुकाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कमरुद्दीन का 18 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे देहरादून स्थित आरोग्यधाम अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं किसान संगठनों के हजारों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा के केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी, केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक के.पी. सिंह, माकपा के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित, जिला सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव प्रसाद देवली सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सीपीआई राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य समर भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, विधायक मुन्ना सिंह राणा, कांग्रेस नेता आर्येंद्र शर्मा, समाजवादी पार्टी के नेता हुसैन अहमद, जिला पंचायत सदस्य अनीस अहमद, विकासनगर के पूर्व प्रमुख बिट्टू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ताजेंद्र तथा पूर्व अपर शिक्षा निदेशक शिव प्रसाद सेमवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि कमरुद्दीन ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते हुए की। बाद में वह मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचे। उन्होंने सभावाला के ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में कार्य किया। उन्होंने विधानसभा चुनाव भी लड़ा था तथा वर्तमान में सभावाला से क्षेत्र पंचायत सदस्य थे।
वक्ताओं ने कहा कि अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने किसानों, श्रमिकों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विभिन्न आंदोलनों के दौरान उन्हें कई बार पुलिस कार्रवाई और जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने भूमाफिया से जुड़े मामलों तथा गरीबों के अधिकारों के लिए भी आवाज उठाई।
माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य एवं अखिल भारतीय किसान सभा के केंद्रीय महामंत्री बीजू कृष्णन तथा केंद्रीय समिति सदस्य राजेंद्र नेगी ने भी शोक संदेश भेजकर उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
इस अवसर पर सीआईटीयू, एसएफआई, जनवादी महिला समिति, किसान सभा, जनसंवाद, एआईएलयू, ज्ञान-विज्ञान आंदोलन तथा पीपुल्स साइंस मूवमेंट सहित विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनगीतों के माध्यम से भी कमरुद्दीन को अंतिम विदाई दी गई। साथ ही माकपा के राज्य सचिव मंडल और राज्य समिति के सदस्यों सहित अनेक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!