मुख्यमंत्री धामी ने किया सेवा विधि पुस्तक का विमोचन
देहरादून, 22 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया। उन्होंने पुस्तक को उत्तराखंड के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह सेवा नियमों, संवैधानिक प्रावधानों, शासनादेशों तथा न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों को एक स्थान पर सरल और व्यवस्थित रूप में उपलब्ध कराने वाली व्यवहारिक मार्गदर्शिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। लोकसेवकों के लिए ईमानदारी के साथ-साथ नियमों, कानूनों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की गहरी समझ भी आवश्यक है, ताकि वे पारदर्शिता, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का विकास सक्षम और उत्तरदायी प्रशासनिक तंत्र पर निर्भर करता है।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन व्यवस्था में तकनीक के उपयोग, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और निर्णय लेने की गति बढ़ाने पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से नियमों की आत्मा को समझते हुए जनहित में कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ है।
पुस्तक के लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि पुस्तक में नियुक्ति, आरक्षण, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सेवा आचरण, अवकाश, सेवानिवृत्ति सहित सरकारी सेवा से जुड़े प्रमुख नियमों, अधिनियमों, शासनादेशों तथा उच्चतम एवं उच्च न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णयों का सार समाहित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित अनेक पूर्व एवं वर्तमान प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
