राजनीति

एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कंट्रोल रूम शुरू

देहरादून, 4 अगस्त। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिसों के मद्देनज़र प्रदेश मुख्यालय में एसआईआर कंट्रोल रूम शुरू किया है। साथ ही प्रदेशभर के सभी जिलों और महानगरों में 10-सदस्यीय एसआईआर निगरानी समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि समितियों का उद्देश्य एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न हटे।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में गठित समितियां प्रभावित मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगी। वहीं, प्रदेश मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम विभिन्न जिलों से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं का समन्वय करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष मामलों को उठाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस समितियों से एसआईआर अभियान के दौरान सक्रिय रहकर अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और उन्हें आवश्यक सहयोग देने की अपील की है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राजेंद्र शाह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, कंट्रोल रूम प्रभारी राकेश नेगी, संदीप चमोली, रितेश जोशी, प्रशांत खंडूरी, डिंपल सिंह, विनोद कुमार, भूपेंद्र नेगी, सुरभि शाह, शूरवीर सिंह चौहान, सुमित राठौर, नवीन रमोला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!