मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
देहरादून 9 अगस्त । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने इसकी आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। इससे पहले उन्होंने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी है और उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। राज्य के हर दूसरे परिवार का बेटा देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने अपनी सैन्य क्षमता का परिचय दिया है। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1,750 से अधिक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और मूल स्वरूप से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। सरकार ने समान नागरिक संहिता, कड़ा धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए हैं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा सहित विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
