राजनीति

अगस्त क्रांति दिवस पर कांग्रेस सेवादल ने निकाली तिरंगा यात्रा

देहरादून, 9 अगस्त। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश और प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘अगस्त क्रांति अमर रहे’ के नारे लगाए। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यात्रा में कार्यकर्ताओं में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद कांग्रेसजनों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता आंदोलन के अमर सेनानियों को नमन किया।
इस अवसर पर हेमा पुरोहित ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस भारत के स्वतंत्रता संग्राम के उस ऐतिहासिक अध्याय की याद दिलाता है, जब महात्मा गांधी के नेतृत्व में देशवासियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘करो या मरो’ का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया गया, जिसने देशभर में अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन का रूप लिया। आंदोलन को दबाने के लिए ब्रिटिश हुकूमत ने दमनात्मक कार्रवाई की और बड़ी संख्या में स्वतंत्रता सेनानियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बावजूद आंदोलनकारियों का संघर्ष जारी रहा और स्वतंत्रता प्राप्ति की दिशा में आंदोलन ने निर्णायक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर आज देश की एकता, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए काम करने की आवश्यकता है। कांग्रेस सेवादल राष्ट्रहित, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दिन सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि स्वतंत्रता और संविधान से प्राप्त अधिकारों की रक्षा के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और समानता पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में गोपाल सिंह गड़िया, पंकज क्षेत्री, जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान, महानगर अध्यक्ष सावित्री थापा, शार्दुल नेगी, करतार नेगी, संजीव भट्ट, रेणु चुनारा, योगिता बिष्ट, मुक्ता सहगल, मंजू चौहान, ऋषिराम पैन्यूली, मालती, बिट्टू चौहान सहित कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!