क्षेत्रीय समाचार

दुर्गम डुमक गांव में घर-घर पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण कर रही निर्वाचन टीम

 

ज्योतिर्मठ, 18 अगस्त (कपरूवाण)। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत चमोली जनपद के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम गांवों में पुनरीक्षण कार्य निरंतर जारी है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्तों की चुनौतियों के बावजूद निर्वाचन टीम गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य को गति दे रही है।
इसी क्रम में निर्वाचन टीम ने सीमांत ब्लॉक जोशीमठ के दूरस्थ डुमक गांव पहुंचकर घर-घर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया। टीम द्वारा ग्रामीणों के अभिलेखों एवं उपलब्ध विवरणों का सत्यापन करने के साथ ही पात्र व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक जानकारी संकलित की जा रही है। इस दौरान ग्रामीणों को पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है और आवश्यक दस्तावेजों एवं विवरणों के संबंध में बताया जा रहा है।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवास करने वाला कोई भी पात्र व्यक्ति पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से निर्वाचन टीम कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी ग्रामीणों के घरों तक पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य कर रही है।
अभियान का नेतृत्व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुनील पुरोहित कर रहे हैं। टीम द्वारा ग्रामीणों के अभिलेखों एवं उपलब्ध विवरणों का सत्यापन करने के साथ ही आवश्यक सूचनाएं संकलित की जा रही हैं। अभियान के दौरान पात्र व्यक्तियों से संबंधित दस्तावेजों एवं विवरणों की जांच की जा रही है तथा ग्रामीणों को पुनरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
अभियान में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी आलोक रावत, ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद, बूथ लेवल अधिकारी अनसूया सिंह, मोहन तिवारी एवं रघुवीर सिंह सहित अन्य कार्मिक सहयोग कर रहे हैं। टीम स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घर-घर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्य को आगे बढ़ा रही है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किया जाए। उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक निर्वाचन टीम की पहुंच सुनिश्चित करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र व्यक्ति पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!