Front Pageआपदा/दुर्घटना

टनल हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11, घायल रोहित ने एम्स ऋषिकेश में तोड़ा दम

 

गोपेश्वर, 19 अगस्त (महिपाल)। चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में घायल रोहित की बुधवार सुबह एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
रोहित को हादसे के बाद गंभीर अवस्था में उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। 14 अगस्त को एम्स पहुंचाए गए रोहित पांडेय (22), निवासी कल्याणपुर, जिला गोपालगंज, बिहार के पैर में फ्रैक्चर और सिर पर चोट लगी थी। उस समय चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई थी।
लेकिन उपचार के दौरान बुधवार सुबह उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी दुखद मृत्यु हो गई। रोहित की मौत की सूचना के बाद हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों की संख्या 11 हो गई है।
पीपलकोटी क्षेत्र में विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त को भूस्खलन और मलबा आने से बड़ा हादसा हुआ था। हादसे के बाद सुरंग के भीतर फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया था।
हादसे के बाद से ही श्रमिकों की सुरक्षा और निर्माणाधीन सुरंग में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मृतकों के परिजनों और श्रमिकों ने मुआवजे तथा प्रभावित परिवारों के लिए दीर्घकालिक सहायता की मांग भी उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!