बंदरों के बाद सुअरों का आतंक, ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग
गौचर, 20 अगस्त (गुसाईं)। लंबे समय से बंदरों के आतंक और क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं से परेशान पालिका क्षेत्र के बंदरखंड के ग्रामीणों ने मंगलवार को वन विभाग और नगर पालिका पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले जंगली सुअरों ने अब निचले इलाकों का रुख करना शुरू कर दिया है। पिछले कई दिनों से जंगली सुअरों ने पालिका क्षेत्र के बंदरखंड में खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। इससे परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया और सुअरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।
वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर ने ग्रामीणों को बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत वन विभाग की ओर से जंगली सुअरों को मारने के लिए एक माह की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद ग्रामीण नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने क्षेत्र में हो रहे अनियोजित विकास कार्यों पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि आज भी बंदरखंड क्षेत्र के कई रास्ते बेहद खराब हैं, जिससे खासकर काश्तकारी करने वाली महिलाओं को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने इन रास्तों का शीघ्र निर्माण और सुधार कार्य कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए नगर पालिका और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।
इस अवसर पर ग्राम अध्यक्ष जगदीश कनवासी, वार्ड सभासद विनोद कनवासी, महेश भंडारी, राजे सिंह कनवासी, महिला संगठन अध्यक्ष सतेश्वरी कनवासी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
