राजनीति

राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने किया भावपूर्ण स्मरण

देहरादून, 20 अगस्त। आधुनिक भारत के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन, राजपुर रोड में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। इस दौरान राजीव गांधी अमर रहें और जब तक सूरज-चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा जैसे नारे भी लगाए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने की, जबकि संचालन प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। इस अवसर पर सेवादल की ओर से राजीव गांधी के जीवन और उनकी उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने राजीव गांधी को भारत में सूचना क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को आधुनिक और सक्षम राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की। पंचायतों को अधिक अधिकार देने की दिशा में भी उनके प्रयास महत्वपूर्ण रहे। भंडारी ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था, जिसकी नींव उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संचार और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों से रखी। उन्होंने कहा कि सूचना तकनीक के क्षेत्र में भारत की आज की उपलब्धियों के पीछे राजीव गांधी की दूरदृष्टि का महत्वपूर्ण योगदान है। युवाओं को मतदान का अधिकार देने और पंचायतों को सशक्त बनाने जैसे कदमों ने भारतीय लोकतंत्र को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान किया। उनकी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनके मजबूत, आधुनिक और समावेशी भारत के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, प्रदेश महामंत्री विनोद चौहान, प्रदेश महामंत्री सोनिया आनन्द, सुजाता पॉल, नीरज त्यागी, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, गोपाल सिंह गडिया, महानगर अध्यक्ष डॉ0 जसविन्दर सिंह गोगी, सावित्री थापा, पंकज क्षेत्री, सुरेन्द्र रांगड़, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव अमेन्द्र सिंह बिष्ट, सेवादल महानगर अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, टीकाराम पाण्डेय, प्रदेश सचिव यशपाल चौहान, राजीव कुमार, प्रदेश अनुसूचित जाति के कार्यकारी अध्यक्ष प्रीतम सिंह आर्य, विनीत प्रसाद भट्ट, संजय शर्मा, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, विरेन्द्र पंवार, सुनित सिंह राठौर, मोहन काला, देवेन्द्र सिंह, पुष्पा पंवार, अनिल नेगी, राजकुमार जायसवाल, अनुराधा तिवाडी, बलवीर पंवार, मदन कोली, मंजू चौहान, शरीफ अहमद बेग सहित सेवादल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!