12 साल बाद भी शुरू नहीं हुआ बगड़ीगाड़-बलाण मोटर मार्ग का निर्माण
थराली, 26 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। देवाल विकासखंड में करीब 12 वर्ष पूर्व स्वीकृत बगड़ीगाड़-धूरा-धारकोट-बांक-पिनाऊं-बलाण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा को ज्ञापन सौंपा।
देवाल प्रमुख तेजपाल रावत, पिनाऊं के ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह दानू, राजकीय मेला समिति स्वर्गीय पूर्व विधायक शेर सिंह दानू के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक को सौंपे ज्ञापन में कहा कि बगड़ीगाड़-धूरा-धारकोट-बांक-पिनाऊं-बलाण मोटर मार्ग को वर्ष 2014-15 में स्वीकृति मिली थी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग थराली को सौंपी गई, लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस सड़क के निर्माण से पिनाऊं और बलाण के साथ ही वाण-कुलिंग, दिदिना, बांक, मुंदोली, सूया, धूरा, धारकोट, हरनी, ल्वाणी, ताजापुर, कांडे, देवस्थली, बगड़ीगाड़ और कनोल सहित कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों के अनुसार इन गांवों की बड़ी आबादी स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और स्थानीय कारोबार के लिए मुंदोली तथा लोहाजंग क्षेत्र की सुविधाओं पर निर्भर है। प्रस्तावित सड़क बनने से इन गांवों की मुंदोली और लोहाजंग क्षेत्र तक पहुंच आसान होगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही स्थानीय पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 298/2015 के तहत धूरा-धारकोट-बांक-पिनाऊं-बलाण मोटर मार्ग के प्रथम चरण की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति का भी उल्लेख किया गया है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क निर्माण में वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया प्रमुख बाधा बनी हुई है। उन्होंने विधायक से इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने के लिए शासन और संबंधित विभागों के स्तर पर पहल करने की मांग की।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मोटर मार्ग के निर्माण और वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वे अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगे।
