क्षेत्रीय समाचार

महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क बीआरओ को सौंपने की मांग

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली/देवाल, 26 अगस्त। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल ने बुधवार को बढ़ती महंगाई, चढ़ावा चोरी प्रकरण, मनरेगा में किए गए बदलावों से उत्पन्न विसंगतियों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जुलूस-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन मोटर मार्ग को तत्काल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को हस्तांतरित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
देवाल में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए महंगाई और मनरेगा की व्यवस्थाओं को प्रमुख मुद्दा बनाया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह रही कि ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन मोटर मार्ग को बीआरओ को सौंपने की मांग प्रमुखता से उठी। इस सड़क को बीआरओ के अधीन देने की मांग क्षेत्र में लंबे समय से उठती रही है।
प्रदर्शन के बाद आयोजित बैठक में महिला कांग्रेस कमेटी देवाल के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर राधा देवी को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद पर दलीप कुमार, राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर धर्म सिंह कोटड़ी और जिला सचिव पद पर कुंदन राम के मनोनयन पर भी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जताई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महावीर बिष्ट ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई से आम लोगों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मनरेगा में ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने ग्वालदम-नंदकेशरी-देवाल-वांण-तपोवन सड़क को पिंडर घाटी और नंदानगर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे बीआरओ को हस्तांतरित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे सीमांत क्षेत्र की सड़क व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष कमल गाड़िया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राधा देवी, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप सिंह, गोविंद सिंह पांगती, पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, इंद्र सिंह राणा, कंचन बिष्ट, महेश शंकर त्रिकोटी, प्रदीप दानू, राकेश मिश्रा, सचिन परिहार, जय सिंह नेगी, अनीता देवी, हंसी देवी, धर्म सिंह, पुष्कर परिहार, भूपाल सिंह परिहार, बलवंत सिंह, लखपत परिहार, उर्वी दत्त जोशी, जगदीश राम और भरत राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!