Front Pageराजनीति

मुख्यमंत्री धामी को राखी भेंट कर महिला कांग्रेस ने उठाया अंकिता हत्याकांड का सवाल

देहरादून, 27 अगस्त। प्रदेश महिला कांग्रेस ने रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी भेंट कर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सवालों के जवाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच की प्रगति की जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की।

ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की जनता, विशेषकर महिलाओं के लिए बेहद संवेदनशील मामला है। घटना को लंबा समय बीतने के बावजूद इससे जुड़े कई सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि सीबीआई जांच कहां तक पहुंची और अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं।

महिला कांग्रेस ने हत्याकांड से जुड़े कथित ‘वीआईपी’ के सवाल पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। रौतेला ने कहा कि जांच में इस पहलू से संबंधित जो भी तथ्य सामने आए हैं, उनकी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए और किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।

महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राखी भाई-बहन के विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री को राखी भेंट कर प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति सरकार की जिम्मेदारी की ओर ध्यान दिलाया गया है।

महिला कांग्रेस ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलने तक वह इस मुद्दे को उठाती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा डोबरियाल शर्मा, चन्द्रकला नेगी, शोभा बडोनी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, रश्मि पटवाल, आशा रावत, अंशुल त्यागी, लता जोशी, दीपा चौहान सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!