व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है : मुख्यमंत्री धामी
हल्द्वानी में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद, जीएसटी सरलीकरण से पार्किंग तक उठे मुद्दे

हल्द्वानी, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद आईटीसी फॉर्च्यून में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से संवाद किया। इस दौरान व्यापारियों ने जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण, पार्किंग, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने सहित कई मुद्दे उठाए।
मुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक सभी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। सरकार का प्रयास व्यापारियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सरल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराना है।
धामी ने कहा कि प्रदेश में कारोबार की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था के साथ सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं सिंगल विंडो पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इन्वेस्टर्स समिट के दौरान उद्योग और व्यापार जगत से मिले सुझावों के आधार पर 30 से अधिक नीतियां तैयार की गई हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति लागू करने के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों के विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिन्हित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जबकि सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट’ पहल के जरिए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को बड़े बाजारों से जोड़ा जा रहा है। लक्ष्य ‘मेड इन उत्तराखंड’ को गुणवत्ता और विश्वास के वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करना है।
व्यापारियों से निवेश और कारोबारी गतिविधियां बढ़ाने का आह्वान करते हुए धामी ने कहा, “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।” कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, व्यापारी, उद्योग प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
