युवाओं को राज्य में ही शिक्षा-रोजगार के अवसर देने पर जोर, अग्निवीरों के लिए बनेगा विशेष प्रकोष्ठ

काशीपुर में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री धामी ने किया संवाद, देहरादून में बनेगी देश की पांचवीं साइंस सिटी
काशीपुर, 19 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड में ही युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें भविष्य बनाने के लिए पलायन न करना पड़े। इसके लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने के साथ युवा आयोग और अग्निवीरों के लिए विशेष प्रकोष्ठ गठित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और विकसित भारत-2047 तथा विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बड़े हैं। सरकार चाहती है कि युवा केवल रोजगार तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। इसके लिए स्टार्टअप, नवाचार और बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, संपर्क सुविधाओं और औद्योगिक ढांचे को मजबूत कर रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के लिए देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में स्टेम प्रयोगशालाओं, विज्ञान एवं नवाचार गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के साथ प्रत्येक जिले में प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है।
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान अग्निवीरों के भविष्य से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसके लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ गठित कर रही है। युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद रोजगार के अवसरों और सरकारी सेवाओं से जुड़ने में मदद करेगा।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने इसे चुनौती के साथ अवसर बताते हुए युवाओं को नई तकनीक से परिचित रहने की सलाह दी। उन्होंने नशे को युवाओं और परिवारों के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए विद्यार्थियों से इससे दूर रहने का आह्वान किया। भ्रष्टाचार संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगने या अनुचित दबाव बनाने की शिकायत टोल-फ्री नंबर 1064 पर की जा सकती है और शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
