पर्यावरण

नीति घाटी में आईटीबीपी ने ग्रामीणों के साथ किया पौधारोपण

 

गौचर, 19 सितम्बर (गुसाईं)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 8वीं वाहिनी गौचर की ओर से सीमांत क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नीति घाटी स्थित तिम्मरसैंण महादेव मंदिर परिसर में स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जलवायु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने, भूस्खलन की रोकथाम में सहयोग करने और स्थानीय लोगों में प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अवसर पर 8वीं वाहिनी के सेनानी मनोहर सिंह रावत ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा भी राष्ट्र की सुरक्षा की तरह महत्वपूर्ण है। हिमालयी सीमांत क्षेत्रों के संवेदनशील पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय समुदाय और सुरक्षा बलों की सहभागिता आवश्यक है।

स्थानीय ग्रामीणों ने आईटीबीपी की इस पहल का स्वागत करते हुए पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। आईटीबीपी अधिकारियों ने बताया कि बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों में नागरिक कल्याण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय समुदायों के साथ सहयोग और समन्वय को मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!