क्षेत्रीय समाचार

कांग्रेस के स्वीकृत विकास कार्यों को भाजपा सरकार ने आगे नहीं बढ़ाया : मुकेश नेगी

गौचर, 19 सितम्बर (गुसाईं)। कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन कांग्रेस शासनकाल में जिन विकास कार्यों की नींव रखी गई थी, उन्हें आगे नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र की जनता को अब आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
शनिवार को देवरिड़ी मेले में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित करते हुए नेगी ने कहा कि सिदोली क्षेत्र वर्तमान विधायक का गृह क्षेत्र होने के बावजूद यहां के लोगों को सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सकंड गांव को सड़क से जोड़ने के लिए कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय अनुसूया प्रसाद मैखुरी के प्रयासों से छह किलोमीटर सड़क के लिए 68 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। उनका आरोप है कि सरकार बदलने के बाद इस कार्य को आगे नहीं बढ़ाया गया।
नेगी ने कहा कि सड़क की मांग को लेकर सकंड के ग्रामीणों को स्वयं सड़क खोदने के लिए मजबूर होना पड़ा, जो क्षेत्र की उपेक्षा को दर्शाता है। उन्होंने मेला आयोजकों का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों को पूरा करने के साथ ही क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगारपरक योजनाएं शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सकंड, माठा और धनपुर सहित सड़क सुविधा से वंचित गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ने की बात भी कही।
इस अवसर पर अजय किशोर भंडारी, अधिवक्ता रघुबीर बिष्ट, हरीश नयाल, मनोज नेगी, अधिवक्ता महावीर नेगी, संदीप कुमार चमोली, लक्ष्मण राणा, आशू बिष्ट, मेला कमेटी अध्यक्ष महेंद्र राणा, नितेश चौधरी, देवेंद्र भंडारी और प्रधान संघ अध्यक्ष उमेश खंडूड़ी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!