धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

टीएमयू में दसलक्षण महापर्व के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

 

मुरादाबाद, 21 सितम्बर। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में दसलक्षण महापर्व के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महापर्व के छठवें दिन उत्तम संयम धर्म के अवसर पर जिनालय में अभिषेक, शांतिधारा, पूजा और आरती की गई।

प्रथम स्वर्ण कलश से संस्कार शाह, द्वितीय से ओम जैन, तृतीय से संजय जैन और चतुर्थ स्वर्ण कलश से स्वप्निल जैन ने अभिषेक किया। स्वर्ण झारी से डॉ. एसके जैन, डॉ. सिद्धार्थ साक्षी जैन, डॉ. वृषभ, डॉ. खुशी, डॉ. संयम, डॉ. क्षितिज, सम्यक, यश और वेदांत जैन ने शांतिधारा की। रजत झारी से अक्षत जैन और कुलाधिपति परिवार ने शांतिधारा की। हर्षिता, सेजल, अविका, वैष्णवी, तनीषा, अक्षरा, पलक और फैरी जैन ने अष्टकुमारी के रूप में भाग लिया।

इसके बाद आरती और अन्य धार्मिक कार्यक्रम हुए। इशिका जैन ने तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन किया। पंडित ऋषभ शास्त्री के निर्देशन में देव शास्त्र गुरु पूजा, शीतलनाथ पूजा, सोलहकारण पूजा और दसलक्षण पूजा संपन्न हुई। शाम को मेडिकल कॉलेज के डीन और संकाय सदस्यों की मौजूदगी में जिनालय से श्रीजी की आरती रिद्धि-सिद्धि भवन लाई गई। सक्षम जैन और प्रतीक जैन ने भक्तामर स्तोत्र का पाठ किया।

दसलक्षण महापर्व के उत्तम सत्य दिवस पर पंडित ऋषभ शास्त्री ने प्रवचन में मन, वचन और कर्म में सरलता तथा एकरूपता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य परंपराओं के निर्वहन के साथ आत्मचिंतन और जीवन मूल्यों पर विचार करना भी है। इस अवसर पर मुस्कान जैन ने तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन किया।

टीएमयू ऑडिटोरियम में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘कालचक्र’ विषय पर नाट्य प्रस्तुति दी। इसमें जैन दर्शन में वर्णित सुखमा-सुखमा, सुखमा, सुखमा-दुखमा, दुखमा-सुखमा, दुखमा और दुखमा-दुखमा काल के माध्यम से अलग-अलग कालखंडों में जीवन, धर्म, सुख-दुःख और मानवीय परिस्थितियों में बदलाव को प्रस्तुत किया गया। वर्तमान पंचम काल के संदर्भ में धर्म, संयम और सदाचार के महत्व को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया।

मेडिकल कॉलेज के डीन प्रो. एसके जैन की मौजूदगी में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कुलाधिपति सुरेश जैन, वीना जैन, ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, ऋचा जैन, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत जैन, जाह्नवी जैन, नंदनी जैन, कुलपति प्रो. वीके जैन सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, संकाय सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!