क्षेत्रीय समाचार

तलवाड़ी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 29 को, अधिसूचना जारी

 

थराली, 22 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी-थराली में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही महाविद्यालय में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं।
महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया 22 सितम्बर से शुरू हो गई है और 29 सितम्बर को मतदान, मतगणना तथा परिणामों की घोषणा के साथ संपन्न होगी। मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी की गई।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 23 सितम्बर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। 24 सितम्बर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
26 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन दोपहर 12.30 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और अपराह्न चार बजे वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
मतदान 29 सितम्बर को प्रातः आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद अपराह्न दो बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे और विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी।
डॉ. जोशी ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही महाविद्यालय परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों ने छात्र-छात्राओं से संपर्क और अपने पक्ष में समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!