Front Page

नानकमत्ता साहिब में मुख्यमंत्री धामी ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

नानकमत्ता (ऊधमसिंह नगर), 5 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर श्रमदान किया। उन्होंने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसलिए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के अतिरिक्त बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नानकमत्ता साहिब में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम भी इसी अभियान का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे निरंतर जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!