उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाएगी सरकार, जिला अस्पताल का नाम गोपाल सिंह रावत के नाम पर होगा

उत्तरकाशी, 7 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तरकाशी में श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित सेवा ज्योति सभा में भी भाग लिया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री के विकास संबंधी दृष्टिकोण के अनुरूप बुनियादी ढांचे, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ी है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने के साथ होटलों की संख्या में 25 प्रतिशत तथा होमस्टे की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है। तीन लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। राज्य को पिछले चार वर्षों से फिल्म अनुकूल राज्य का पुरस्कार मिलने और हाल में पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
चारधाम यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया था। इनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 24 पर काम चल रहा है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा निरोधक कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून को सरकार के प्रमुख फैसलों में गिनाया। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
जिला अस्पताल का नाम गोपाल सिंह रावत के नाम पर
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिला अस्पताल में आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के साथ इसका नाम दिवंगत विधायक गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की घोषणा की। गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग पर उन्होंने परीक्षण कराने की बात कही।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग पर मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और स्वीकृति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल सहित क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को मानचित्र पर चिह्नित करने और उनके सौंदर्यीकरण के कार्य आगे बढ़ाने की बात भी कही।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, केदार सिंह रावत, भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय तथा मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

