एलटी शिक्षकों की अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यशाला सम्पन्न

गौचर, 10 अक्टूबर (गुसाईं)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गौचर में आयोजित नवनियुक्त एलटी ग्रेड शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रेरण अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत शिक्षकों का बेहतर कार्य करने और गुणवत्तापरक शिक्षा प्रदान करने का आहवान किया। उन्होंने दक्षता आधारित और सीखने के प्रतिफलों पर बल देते हुए ओटप्रशिक्षण के दौरान नवनियुक्त शिक्षकों को विद्यालयी शिक्षा की संरचना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (विद्यालयी शिक्षा)-2023, राज्य पाठ्यचर्या की रूपरेखा,शिक्षण-पद्धतियों, आकलन तथा विद्यालय प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी।
इस अवसर पर समय एवं कक्षा प्रबंधन, उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली, विद्यालयी छात्रवृत्तियां एवं अभिलेख, आकलन एवं प्रश्नपत्र निर्माण, बाल-केंद्रित एवं अनुभवात्मक शिक्षण, विद्यालय संस्कृति एवं अनुशासन तथा नवीन पाठ्यपुस्तकों के अभिमुखीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए गए।
इसके अतिरिक्त समावेशी शिक्षा एवं जेंडर संवेदीकरण, विद्यालय सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, अभिभावक एवं सामुदायिक सहभागिता, गुणवत्ता शिक्षा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, शैक्षिक हस्तक्षेप तथा नशामुक्ति एवं तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विषय विशेषज्ञों ने नवनियुक्त शिक्षकों को विद्यालयी दायित्वों के प्रभावी निर्वहन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर डायट के वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सिमली के प्रधानाचार्य देवदत्त शर्मा, वीरेंद्र सिंह कठैत, डॉ. कमलेश कुमार मिश्र, प्रमुख प्रशिक्षक प्रकाश चंद्र गैड़ी, वीरेंद्र मोहन तिवारी, सुमन भट्ट, गोपाल प्रसाद कपरूवान, रविंद्र सिंह बर्त्वाल एवं मृणाल जोशी उपस्थित रहे। संचालन कार्यक्रम समन्वयक वचन जितेला ने किया।

