मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए महाविद्यालय में अभिव्यक्ति पेटिका शुरू

नरेन्द्रनगर, 10 अक्टूबर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य परामर्श समिति एवं मनोविज्ञान विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अभिनव पहल करते हुए ‘अभिव्यक्ति पेटिका’ का शुभारंभ किया गया।
इस पेटिका के माध्यम से विद्यार्थी अपनी मानसिक परेशानियों और व्यक्तिगत समस्याओं को लिखित रूप में मोबाइल नंबर सहित प्रस्तुत कर सकेंगे। मानसिक स्वास्थ्य परामर्श समिति एवं मनोविज्ञान विभाग इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी मानसिक परेशानियां खुलकर व्यक्त करने के लिए सहज वातावरण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान समय में अवसाद, चिंता और घबराहट के दौरे जैसी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। मानसिक रूप से स्वस्थ विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों का अधिक आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकते हैं।

विषय विशेषज्ञ डॉ. रंजीता जौहरी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर उसे छिपाने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों और विश्वसनीय मित्रों से खुलकर बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मनोवैज्ञानिक अथवा मनोचिकित्सकीय परामर्श लेना मानसिक समस्याओं के समाधान में सहायक हो सकता है।
डॉ. सृचना सचदेवा ने मानसिक स्वास्थ्य को जीवन कौशल से जोड़ते हुए कहा कि तकनीकी युग में सामाजिक माध्यमों और इंटरनेट के अत्यधिक उपयोग का भी मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के उपयोग में संतुलन बनाए रखने तथा इसके लिए समय सीमा निर्धारित करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनी तिलारा ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुधा रानी, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. बी.पी. पोखरियाल, डॉ. जितेन्द्र नौटियाल, मनोज भूषण, सोनिया, वर्षा, शिशुपाल, विशाल त्यागी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

