चौबटिया में भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन-2026’ जारी

पर्वतीय युद्ध कौशल, ड्रोन संचालन और आधुनिक सैन्य तकनीकों का संयुक्त प्रशिक्षण ले रहे दोनों देशों के सैनिक
चौबटिया (अल्मोड़ा), 10 अक्टूबर। उत्तराखंड के चौबटिया स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सेनाओं का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘माउंटेन गार्जियन-2026’ पूरे उत्साह के साथ जारी है। पांच से 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस 14 दिवसीय अभ्यास में दोनों देशों की सेनाओं के कुल 92 सैनिक भाग ले रहे हैं। इनमें दोनों देशों के 46-46 सैनिक शामिल हैं। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व भैरव बटालियन के जवान कर रहे हैं, जबकि यूएई सेना की ओर से माउंटेन इन्फैंट्री बटालियन की टुकड़ी हिस्सा ले रही है।
अभ्यास के प्रारंभिक चरण में दोनों सेनाओं के जवानों ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय परिस्थितियों में शारीरिक क्षमता, युद्ध कौशल और सामरिक दक्षता बढ़ाने से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में संयुक्त प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इनमें शारीरिक प्रशिक्षण, जिउ-जित्सु, त्वरित प्रतिक्रिया के साथ निशानेबाजी, चट्टानों पर चढ़ाई, रस्सियों के सहारे उतरना, फॉक्स-लाइन प्रशिक्षण, स्लिथरिंग, दिन और रात में गोलीबारी तथा विशेष पर्वतारोहण एवं पर्वतीय युद्ध कौशल का प्रशिक्षण शामिल है।
अभ्यास के आगामी चरणों में दोनों देशों के सैनिक संयुक्त सैन्य योजना तैयार करने, सामरिक अभ्यास, निगरानी तंत्र स्थापित करने, ड्रोन संचालन, बाधाओं को पार करने और समन्वित मैदानी युद्धाभ्यास में भाग लेंगे। इस दौरान दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग से सैन्य अभियानों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस संयुक्त अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच परिचालन संबंधी समन्वय, सामरिक दक्षता और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में संयुक्त कार्रवाई की क्षमता विकसित करना है। इसके माध्यम से दोनों देशों के सैनिक पर्वतीय युद्ध की तकनीकों, व्यावहारिक अनुभवों और सैन्य अभियानों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान भी कर रहे हैं।
‘माउंटेन गार्जियन-2026’ भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी विश्वास, पेशेवर संबंधों और संयुक्त सैन्य अभियानों के संचालन की क्षमता को और मजबूत करने में सहायक होगा।

