क्षेत्रीय समाचार

तलवाड़ी महाविद्यालय में विकसित भारत 2047 पर मंथन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

थराली, 13 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत : विकसित भारत 2047’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को विकसित भारत की आधारशिला बताया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक प्रतिनिधि मोहन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। विकास तभी सार्थक होगा, जब उसके लाभ और रोजगार के अवसर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे।
विशिष्ट अतिथि मोहन सिंह रावत ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। शोध, आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और कौशल विकास पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगा। छात्र महासंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने व्यक्तित्व विकास, सामाजिक एकता और सामूहिक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर आयोजित ‘विकसित भारत 2047’ विषयक निबंध प्रतियोगिता में शकुंतला ने प्रथम, किरन पिमोली और अंजली पुरोहित ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा प्रियंका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अनमोल और कोमल को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
भाषण प्रतियोगिता में एमए की दीक्षा प्रथम, बीए के अनमोल द्वितीय और बीएससी के मोहित तृतीय स्थान पर रहे। एक अन्य निबंध प्रतियोगिता में बीएससी की शिखा जोशी ने प्रथम, अनमोल ने द्वितीय और मोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दीक्षा रावत और किरन पिमोली को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
पोस्टर प्रतियोगिता में शिखा जोशी प्रथम तथा दीपक देवराड़ी द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रियंका, किरन, हिमांशी, हेमन्ती, शकुंतला, साक्षी और भावना सहित अन्य छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में सह-संयोजक रजनी नेगी, डॉ. अनुराधा बिष्ट, डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. प्रतिभा आर्य, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुनील कुमार, रजनीश कुमार, मनोज कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, छात्रसंघ महासचिव तनुजा जोशी, उपाध्यक्ष मोहित सिंह, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि दर्शन सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नरेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार, थान सिंह, सुमित कुमार, महिपाल सिंह शाह, खुशी, हुकम सिंह रावत, नीतीश कुमार, ममता जोशी, मनोज देवराड़ी, दीपा रावत, ईशा रावत, भास्कर जोशी, प्रीति और गुड्डू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!