क्षेत्रीय समाचार

गौचर मेले की संचालन समितियों में विवादित नाम हटे

गौचर, 13 अक्टूबर (गुसाईं)। आगामी 14 नवंबर से आयोजित होने वाले गौचर औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले की बैठक में मेला संचालन के लिए बनाई गई विभिन्न समितियों का संसोधन कर विवादित नामों को हटाकर नए नामों को जोड़ा गया।
उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग मेलाधिकारी गौचर मेला अलकेश नौडियाल की अध्यक्षता में आयोजित मेले की दूसरी बैठक में बतौर मुख्य अतिथि विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि समितियों में नाम जोड़ने से ज्यादा कामों पर ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि मेले में निखार आ सके। उन्होंने कहा कि गौचर मेला आयोजित करना आसान बात नहीं है इसके लिए सबके सहयोग की आवश्यकता है। ताकि मेले को वैभवशाली बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान पहाड़ की प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाना चाहिए। मेला अधिकारी उप जिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने कहा कि सबके सुझावों पर अमल किया जाएगा। उनका कहना था मेला आयोजन में समितियों की सहभागिता महत्वपूर्ण स्थान रखती है। पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कम-से-कम दो दिन जनपद चमोली के कलाकारों को मिलने चाहिए। इससे पूर्व पत्रकार लक्ष्मी कुमेड़ी ने कहा कि विभाग गौचर मेले में क्या शिक्षाप्रद कार्यक्रम आयोजित करने वाले हैं इसका अखबारों में विज्ञापन के माध्यम से जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों का सम्मान बंद कमरे में नहीं मेला मंच में किया जाना चाहिए। लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने मंच संचालन में अर्जुन नेगी का हटाए जाने पर आपत्ति जताई पुनः उनका नाम जोड़ने की मांग की। हरीश नयाल ने मेले के दौरान रेलवे निर्माण में लगे ट्रकों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए कहा कि इससे जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल पाएगी। शिवचरण बिष्ट ने कहा कि स्कूली छात्र छात्राओं के प्रतियोगात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जजों को गौचर से बाहर के बुलाए जाने चाहिए। इस अवसर पर नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह, जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष गौचर राकेश लिंगवाल, कर्णप्रयाग बीरेंद्र मिंगवाल, ब्लाक प्रमुख दीपिका मैखुरी, राजेन्द्र सिंह नेगी , अनूप नेगी, पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र राणा,थाना प्रभारी कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, गौचर चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं, कर्णप्रयाग पालिका के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र रावत, तहसीलदार सुधा डोभाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विनीता भट्ट,नाइजर मुकेश कुमार, गौचर प्रेस क्लब के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल, भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष दिग्पाल गुसाईं, सचिव गोविंद सिंह आदि कई लोग मौजूद थे। संचालन हर्षवर्धन थपलियाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!