सुद्धोवाला महाविद्यालय में रक्तदान शिविर, 17 यूनिट रक्त एकत्र
देहरादून, 13 अक्टूबर। राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर, सुद्धोवाला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 17 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। शिविर में 70 लोगों की चिकित्सकीय जांच की गई, जिनमें से 17 रक्तदान के लिए पात्र पाए गए।
महाविद्यालय में वीरा फाउंडेशन और भगवान बुद्ध चैरिटेबल ब्लड सेंटर, सेलाकुई के सहयोग से आयोजित शिविर का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पायल अरोड़ा के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार सहित प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रक्तदान करने वालों में वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ. मनोज बिष्ट के अलावा विद्यार्थी अर्चना, आर्यन, निहारिका, प्राची, प्रियांशु रावत, हृदय, दिवांशु, आदित्य पांडेय, जैद, हिमांशु, आर्ची, युवांशु, प्रिया, महेंद्र और प्रियांशु नेगी शामिल रहे।

