कुलिंग में हुक्म सिंह और नाखोली में श्याम सिंह बने ग्राम प्रधान
कुलिंग में महज तीन और नाखोली में 13 मतों से हुआ जीत का फैसला
थराली, 14 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनावों में देवाल विकासखंड की कुलिंग ग्राम पंचायत से हुक्म सिंह और नारायणबगड़ विकासखंड की नाखोली ग्राम पंचायत से श्याम सिंह प्रधान निर्वाचित हुए हैं। कुलिंग में बेहद कांटे के मुकाबले में हुक्म सिंह ने महज तीन मतों से जीत दर्ज की, जबकि नाखोली में श्याम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 13 मतों से पराजित किया। दोनों प्रत्याशियों की जीत पर उनके समर्थकों ने खुशी जताते हुए बधाई दी।
देवाल विकासखंड की कुलिंग ग्राम पंचायत में प्रधान पद के उपचुनाव में पूर्व प्रधान हुक्म सिंह को 92 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भुवन चंद्र सिंह को 89 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार हुक्म सिंह तीन मतों के मामूली अंतर से विजयी घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी जयदीप बेलवाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह विमोली तथा पंचायत अधिकारी देवेंद्र सिंह रावत ने विजेता को निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किया।
खंड विकास अधिकारी जयदीप बेलवाल ने बताया कि देवाल विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त पांच वार्ड सदस्य पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
उधर, नारायणबगड़ विकासखंड की नाखोली ग्राम पंचायत में प्रधान पद के उपचुनाव में श्याम सिंह ने जीत हासिल की। उन्हें 51 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेंद्र सिंह को 38 मत प्राप्त हुए। श्याम सिंह को 13 मतों से विजयी घोषित किया गया। निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह असवाल ने उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किया।
दोनों ग्राम पंचायतों में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

