कुंजापुरी मेले में राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने किया शैक्षणिक व व्यावहारिक सर्वेक्षण

नरेंद्रनगर। धर्मानंद उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरेंद्रनगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार, अर्थशास्त्र तथा गृह विज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने 50वें माँ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण, स्थानीय व्यापार पर आर्थिक प्रभाव का अध्ययन और खाद्य स्वच्छता से जुड़े सर्वेक्षण किए।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने मेला परिसर में लगे विभिन्न पंडालों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और स्थानीय उत्पादों का बारीकी से अध्ययन कर रिपोर्टिंग का अभ्यास किया। विभाग प्रभारी डॉ. सृचना सचदेवा ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को रिपोर्टिंग की बारीकियों, फोटोग्राफी और व्यावहारिक संचार कौशल से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में फील्ड वर्क के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।

अर्थशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने मेले का नरेंद्रनगर के स्थानीय व्यापार पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर एक फील्ड सर्वे किया। विभाग प्रभारी डॉ. सुधा रानी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों को जमीनी स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को समझने और डाटा संग्रहण (आंकड़ा संकलन) का सीधा अनुभव प्राप्त होता है।
गृह विज्ञान विभाग की छात्राओं ने विश्व खाद्य दिवस (16 अक्टूबर) के अवसर पर मेला परिसर में संचालित खाद्य स्टॉलों पर स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। विभाग प्रभारी डॉ. सोनी तिलारा ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य खाद्य स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करना था। उन्होंने खाना पकाने से लेकर ग्राहकों की थाली तक परोसने की पूरी प्रक्रिया में उच्च स्वच्छता मानक बनाए रखने पर जोर दिया।
शैक्षणिक गतिविधियों के बाद छात्र-छात्राओं ने मंडुवे के मोमो, चाट, पकौड़े सहित विभिन्न स्थानीय पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल, विशाल त्यागी सहित छात्र-छात्राएं सोनिया, ऋषिता, रंजना, कल्पना, हिमानी, जय, निशा, निकिता, दिशा, राकेश, आयुषी गंगोटी, शालू, वंशिका और हिमानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

