तलवाड़ी महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता कल से
थराली, 15 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी-थराली में शुक्रवार से दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू होगी। प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार को मैदानी खेलों तथा दूसरे दिन शनिवार को अंतःकक्षीय खेलों का आयोजन किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने बताया कि वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन के संबंध में छात्रसंघ एवं अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) को भी सूचित कर दिया गया है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. रजनीश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ऋषिकेश में आयोजित होने वाली विश्वविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने और अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।

