रिठाली में निकली गणेश-हनुमान की भव्य शोभायात्रा, 51 महिलाओं ने उठाए कलश
सम्भल, 16 अक्टूबर (त्यागी)। सम्भल क्षेत्र के ग्राम रिठाली में भगवान श्री गणेश और श्री हनुमान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गांव की 51 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की।
श्री शिव मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार भागेश कुमार त्यागी ने बताया कि आगामी 19 अक्टूबर, सोमवार को श्री शिव मंदिर रिठाली में प्रातः नौ बजे हवन-पूजन के बाद भगवान गणेश और हनुमान की मूर्तियों की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके बाद प्रातः 11 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
शोभायात्रा श्री शिव मंदिर से प्रारंभ होकर गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरी। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और फूलमालाओं से यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और हनुमान के दर्शन किए तथा प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा में शामिल महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
शोभायात्रा के दौरान ‘देवा ओ देवा गणपति देवा’, ‘वीर हनुमाना अति बलवाना’ और ‘दुनिया चले ना श्रीराम के बिना’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश, हनुमान और श्रीराम के जयकारे लगाए। कार्यक्रम पंडित राजवीर शर्मा के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
शोभायात्रा से पूर्व श्री वंश गोपाल तीर्थ कल्कि धाम के महंत स्वामी भगवतप्रिय महाराज और संत रामौतार पुरी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान जगदीश ठाकुर एवं उनकी धर्मपत्नी के अलावा पत्रकार भागेश कुमार त्यागी, श्रीनिवास सिंह, डॉ. सुरेश सैनी, नरेश ठाकुर, अरविंद कुमार, नवीन कुमार, विकास त्यागी, अक्स त्यागी, डॉ. सतपाल, सुमित सागर और मयंक सागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Makl

