मानमती में राजकीय इंटर कॉलेज का उद्घाटन, क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी

थराली, 16 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मानमती का उच्चीकरण कर राजकीय इंटर कॉलेज बनाए जाने से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से विद्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मानमती क्षेत्र में इंटर कॉलेज की सुविधा नहीं होने के कारण अब तक छात्र-छात्राओं को इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए 5 से 20 किलोमीटर दूर राजकीय इंटर कॉलेज मेलखेत जाना पड़ता था। इससे विशेष रूप से दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय जनता लंबे समय से विद्यालय के उच्चीकरण की मांग कर रही थी। राज्य सरकार ने पिछले महीनों विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की स्वीकृति प्रदान की थी।
उद्घाटन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
समारोह में जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम ने कहा कि मानमती में इंटर कॉलेज खुलने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया ने कहा कि विद्यालय के उच्चीकरण का लाभ मानमती और आसपास के गांवों के साथ ही सीमावर्ती कुमाऊं क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी मिलेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक शुभम और पूर्व शिक्षक कैलाश आर्या ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में ग्राम प्रधान कलावती देवी, अभिभावक संघ के अध्यक्ष गोपाल सिंह गड़िया, पूर्व प्रधान रतन सिंह गड़िया, दान सिंह गड़िया, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कंचन सिंह, खिलाप सिंह दानू, धन सिंह रावत, धनी राम, गोपाल राम, बलवीर बधाणी, यूकेडी नेता प्रकाश राम, भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र बागड़ी और राजेंद्र गड़िया सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। क्षेत्रवासियों ने विद्यालय के उच्चीकरण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया।

