शिक्षा/साहित्य

इंस्पायर अवार्ड की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चमोली के तीन विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

गौचर, 16 अक्टूबर (गुसाईं)। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (एनआईएफ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इंस्पायर अवार्ड मानक की 12वीं राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में चमोली के तीन विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले के विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इंस्पायर अवार्ड मानक के जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया। इसमें देशभर से 792 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपने वैज्ञानिक विचारों, नवाचारों तथा परियोजनाओं का प्रदर्शन किया।
चमोली से जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल के नेतृत्व में तीन विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज कूनीपार्था की गीतांजलि, राजकीय इंटर कॉलेज लाटूगैर की दिव्या भारती तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विरसण के आदित्य शामिल थे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चमोली के विद्यार्थियों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों प्रतिभागियों और जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल को बधाई दी। उन्होंने संबंधित विद्यालयों तथा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों को भी शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को अपने मौलिक विचारों को उपयोगी वैज्ञानिक मॉडल और परियोजनाओं के रूप में विकसित करने का अवसर मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!