Front Page

 चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता की संस्तुति

 

गंभीर रूप से बीमार पत्रकार को भी पांच लाख की सहायता, चार वरिष्ठ पत्रकारों को मिलेगी आठ हजार रुपये मासिक पेंशन

देहरादून, 25 अक्टूबर। उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के कल्याण और सम्मान से जुड़े विभिन्न मामलों में आर्थिक सहायता तथा पेंशन प्रदान करने की संस्तुति की है। पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर बीमारी से पीड़ित एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई है। इसके अलावा चार वरिष्ठ पत्रकारों को मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की भी संस्तुति की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक आयोजित की गई। सूचना महानिदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता करते हुए सहायता और पेंशन से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की।

बैठक में पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को कुल 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई। इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार के लिए पांच लाख रुपये की सहायता देने पर भी सहमति बनी। इस प्रकार समिति ने कुल 25 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता की संस्तुति की। मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत चार वरिष्ठ पत्रकारों को आठ-आठ हजार रुपये मासिक पेंशन देने की संस्तुति भी की गई।

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और जरूरत के समय उनकी सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण से संबंधित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए समितियों की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को सहायता मिल सके।

बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पांडेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!