गैरसैंण जाते समय मुख्यमंत्री धामी का जगह-जगह स्वागत

गौचर, 27 अक्टूबर (गुसाईं)। विधानसभा सत्र में भाग लेने के लिए भराड़ीसैंण (गैरसैंण) जाते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का चमोली जिले में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। गौचर, कर्णप्रयाग और खेती सहित कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
सोमवार को चमोली जिले में पहुंचने पर विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने आदिबद्री में स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों, बच्चों और अन्य लोगों से मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना।
मुख्यमंत्री ने मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीय स्वागत के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

