बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं को दिलाई शपथ

गौचर, 31 अक्टूबर (गुसाईं)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाल विकास विभाग, चमोली की ओर से संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या सुमन ध्यानी, शिक्षिका रेखा राणा, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष काजल भंडारी, लैंगिक समानता विशेषज्ञ दिव्या रावत तथा केंद्र प्रशासिका रश्मि रावत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

