राष्ट्रीय एकता दिवस पर नरेंद्रनगर महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान और एकता रैली आयोजित

नरेंद्रनगर, 31 अक्टूबर। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया, जिसमें प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीएस नेगी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज फोंदनी ने उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए एकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. दिलीप बिष्ट ने पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए पौधरोपण और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. वीएस नेगी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की निर्णायक भूमिका रही। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

