बदहाल सड़कों को लेकर उक्रांद का प्रदर्शन, लोनिवि कार्यालय पर गरजे कार्यकर्ता
थराली विधानसभा क्षेत्र की 33 सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण की उठाई मांग
थराली, 4 नवंबर (हरेन्द्र बिष्ट)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने थराली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति, वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्यों तथा सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग को लेकर बुधवार को थराली में जुलूस निकालकर लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा को ज्ञापन सौंपा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उक्रांद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए विभिन्न मार्गों से होकर लोक निर्माण विभाग के खंड कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा, सहायक अभियंता एमसी जोशी तथा अवर अभियंता श्रीजय से क्षेत्र की सड़कों और मोटर पुलों की समस्याओं को लेकर विस्तृत वार्ता की।
उक्रांद की ओर से सौंपे गए संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन में नारायणबगड़, थराली और देवाल विकासखंडों की ग्रामीण सड़कों की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि अनेक सड़कों का वर्षों से सुधारीकरण एवं डामरीकरण नहीं हो पाया है। कई गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं, जबकि आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य भी लंबित पड़े हैं। पार्टी ने नारायणबगड़ विकासखंड की 12, थराली की छह तथा देवाल की 15 सड़कों सहित कुल 33 सड़कों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि विभागीय स्तर पर होने वाले सड़क सुधारीकरण, डामरीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। शासन स्तर से संबंधित मामलों के समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष भूपाल सिंह गुसाईं, गैरसैंण अध्यक्ष जमन सिंह मनीषा, जिला उपाध्यक्ष डॉ. डीडी उनियाल, कार्यकारी अध्यक्ष दर्शन शाह, देवाल के कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम वल्लभ देवाड़ी, केंद्रीय सचिव त्रिभुवन सिंह नेगी, नारायणबगड़ अध्यक्ष महिधर प्रसाद चमोला, जिला महामंत्री लक्ष्मी प्रसाद रतूड़ी, वरिष्ठ कार्यकर्ता मोहन राम आर्य, यशपाल नेगी, प्रकाश राम, विक्रम राम, अर्जुन सिंह, पूजा शर्मा, हेमा गड़िया, तनूजा, दिया मिश्रा, किरन बिष्ट, सोनी बोरा, बीना, ममता, राहुल, अभिषेक नेगी और भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

