क्षेत्रीय समाचार

दीपावली लकी ड्रॉ में विनोद कुमार ने जीती स्कूटी, अनुराग को एलईडी टीवी

गौचर, 9 नवंबर (दिग्पाल गुसाईं)। गौचर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठान रावत स्मॉल इंडस्ट्रीज और इंदर कम्युनिकेशन की ओर से आयोजित दीपावली लकी ड्रॉ में पनाई गांव निवासी विनोद कुमार ने प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी जीती। पलसारी वार्ड सात के अनुराग रावत को द्वितीय पुरस्कार एलईडी टीवी तथा बंदरखंड निवासी सूरज धरियाल को तृतीय पुरस्कार अलमारी मिली। दस अन्य विजेताओं को कंबल प्रदान किए गए।

प्रतिष्ठान के प्रबंधक विपुल रावत ने बताया कि पिछले एक महीने से पांच हजार रुपये तक की खरीदारी पर ग्राहकों को लकी ड्रॉ कूपन दिए जा रहे थे। आकर्षक पुरस्कारों के कारण चमोली के अलावा रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिलों के ग्राहकों ने भी खरीदारी में उत्साह दिखाया।

पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी की अध्यक्षता में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते प्रभाव के बीच स्थानीय व्यापारियों को ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए प्रयोग करने होंगे। उन्होंने विपुल रावत की पहल की सराहना करते हुए अन्य व्यापारियों से भी ऐसे प्रयास करने का आह्वान किया।

मुकेश नेगी ने इस अभिनव प्रयोग की प्रशंसा करते हुए अगली बार प्रथम पुरस्कार के रूप में कार रखने का सुझाव दिया।

पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, लोक कल्याण सेवा समिति अध्यक्ष सुनील पंवार, गौ सेवा आयोग सदस्य अनिल नेगी और भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने ऑनलाइन कारोबार से स्थानीय व्यापारियों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई।

विपुल रावत ने ग्राहकों, अतिथियों और विजेताओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में सरोजिनी भंडारी, अधिवक्ता रघुबीर बिष्ट, धनंजय सेमवाल और पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष वीरपाल रावत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम प्रधान महावीर रावत और राहुल बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!