हिमालय स्वच्छता अभियान के तहत मुंदोली और लोहाजंग में चलाया सफाई अभियान
छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक कचरा एकत्र कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

थराली, 9 नवंबर ( हरेन्द्र बिष्ट)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर अनंत नंदा फाउंडेशन, मुंदोली की ओर से क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के सहयोग से हिमालय स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत मुंदोली और लोहाजंग क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाकर स्थानीय लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अनंत नंदा फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक एवं पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित अभियान में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मुंदोली और लोहाजंग क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर बिखरी प्लास्टिक की बोतलें, रैपर तथा अन्य कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने के साथ ही विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक कलम सिंह बिष्ट ने कहा कि हिमालय की स्वच्छता और उसके संवेदनशील पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां-तहां फेंकी जाने वाली प्लास्टिक की बोतलें, रैपर और अन्य कचरा पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। इनसे प्राकृतिक सौंदर्य प्रभावित होने के साथ ही हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र को भी नुकसान पहुंचता है।
बिष्ट ने छात्र-छात्राओं से अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाने तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अनंत नंदा फाउंडेशन विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रहा है। भविष्य में भी हिमालयी क्षेत्रों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान जारी रखे जाएंगे।

