Front Page

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया

गौसेवा आस्था के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का माध्यम : धामी

हरिद्वार, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला के गौवंश संरक्षण और मानव सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और इससे पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती तथा ग्रामीण op आजीविका को भी बल मिल सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था ने 2010 में 11 गोवंश के संरक्षण से शुरुआत की थी। संस्था के अनुसार, अब पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा की जा रही है। उसकी हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस से पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर आश्रय पहुंचाया गया है। संस्था जरूरतमंदों को भोजन, राशन और चिकित्सा सहायता भी देती है।

धामी ने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट आधार पर शुरू की गई है और 63 स्थानों पर गौशालाओं के लिए भूमि चिह्नित की गई है। बद्री गाय के घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए चमोली में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि गौशालाओं के निर्माण के साथ गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस से जोड़ना जरूरी है। इससे संरक्षण के साथ किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। गौसेवा को उन्होंने सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के कुंभ मेले के लिए सड़क, यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन का प्रेरक उदाहरण बनेगी।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और प्रीतम सिंह पंवार सहित संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!