क्षेत्रीय समाचार

स्थानांतरण पर चमोली के मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी को भावभीनी विदाई

गोपेश्वर, 17 नवंबर (महिपाल गुसाईं)। चमोली के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश का स्थानांतरण होने पर मंगलवार को अलग-अलग विदाई समारोह आयोजित किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी का निदेशक, पंचायती राज निदेशालय, देहरादून के पद पर स्थानांतरण हुआ है। उनके सम्मान में विकास भवन सभागार, गोपेश्वर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वहीं, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश का स्थानांतरण अपर आयुक्त, गन्ना एवं चीनी, काशीपुर तथा प्रधान प्रबंधक, चीनी मिल किच्छा, जिला ऊधमसिंह नगर के पद पर हुआ है। उन्हें जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिला महामंत्री विनोद कनवासी सहित विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ अपने कार्यानुभव साझा किए। उन्होंने दोनों की प्रशासनिक दक्षता, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. त्रिपाठी और विवेक प्रकाश ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों अधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया।

जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने नए कार्यस्थलों पर भी प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता से महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!